रायपुर | छत्तीसगढ़ | 25 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने पहले दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासन और व्यवस्थित कार्यप्रणाली का संदेश दिया। रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठकों में उन्हीं लोगों को शामिल होना चाहिए, जिन्हें आमंत्रित किया गया है। बिना बुलावे या किसी जरूरी काम के बिना कार्यालय आने से कार्यकर्ताओं को बचना चाहिए।
‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल हुईं स्मृति ईरानी
रायपुर पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी भाजपा कार्यालय पहुंचीं। यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना।
संगठन की मजबूती पर होगा मंथन
स्मृति ईरानी के दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें निर्धारित की गई हैं। इन बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी रणनीति से जुड़े विषयों पर चर्चा होनी है।
प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ संवाद के अलावा भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी कार्यक्रम में शामिल है। 26 अक्टूबर को विधायकों, सांसदों और राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ भी बैठकें निर्धारित हैं।

0 Comments